बच्ची के दाहिने हाथ में था फ्रैक्चर, डॉक्टरों ने बाएं हाथ पर चढ़ा दिया प्लास्टर
उत्तर प्रदेश के देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग की एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है. यहां डॉक्टरों ने खेल-कूद के दौरान घायल हुई एक छह साल की मासूम बच्ची के फ्रैक्चर वाले दाहिने हाथ की जगह उसके बिल्कुल ठीक बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया.
Uttar Pradesh News: देवरिया की भुजौली कॉलोनी निवासी अल्पना उपाध्याय की छह वर्षीय बेटी के खेलने के दौरान गिरने से दाहिने हाथ में चोट लग गई थी. प्राइवेट डॉक्टर की सलाह पर कराए गए एक्स-रे की रिपोर्ट लेकर महिला सीधे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंची. वहां हड्डी रोग विभाग के डॉक्टर ने पर्चे पर लिखकर उसे बगल के कमरे में प्लास्टर के लिए भेजा.
प्लास्टर कक्ष के कर्मचारी ने शुल्क जमा होने के बाद डॉक्टर का पर्चा और एक्स-रे रिपोर्ट देखने के बावजूद दाहिने हाथ के बजाय बच्ची के बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया. अब पीड़ित मां इस घोर लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है.
अस्पताल की इस गंभीर लापरवाही के बाद पीड़ित बच्ची की मां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला अस्पताल प्रशासन द्वारा की गई इस घोर लापरवाही को उजागर करते हुए न्याय और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगा रही है.
इस पूरे मामले पर मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता और सीएमएस (CMS) डॉक्टर एच के मिश्रा ने बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है. जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी कर्मचारी या डॉक्टर दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी एक्शन लिया जाएगा.
📌 Kaynak
Bu haber XML kaynağından derlenmiştir. Tamamı için orijinal habere gidin.
Orijinal haberi oku →