जंग की मार, दुबई के प्रॉपर्टी मार्केट में मंदी! घर बेच देश छोड़ रहे हैं अमीर
मार्च में दुबई के आलीशान 'पाम जुमेराह' इलाके में हुए मिसाइल हमले के बाद से बाजार में ऐसा पैनिक फैला है कि शहर के लग्जरी विला और फ्लैट्स खरीदे बिना ही दुनिया के सुपर-अमीर निवेशक अब दुबई छोड़कर लंदन, मिलान और सिंगापुर जैसे सुरक्षित ठिकानों का रुख कर रहे हैं.
मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध के कारण दुनिया के सबसे महंगे रियल एस्टेट बाजारों में से एक, दुबई के प्रॉपर्टी मार्केट पर ब्रेक लग गया है. बाजार पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि दुबई में प्रॉपर्टी की बिक्री "पहाड़ से नीचे गिरने" जैसी स्थिति में पहुंच गई है.
रियल एस्टेट रिसर्च फर्म 'वैल्यूस्ट्रैट' (ValuStrat) के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल में दर्ज की गई 4% की गिरावट के बाद, मई महीने में प्रॉपर्टी की बिक्री में 19% की भारी गिरावट देखी गई है. स्थिति यह है कि पिछले साल इसी अवधि की तुलना में वर्तमान में कुल ट्रांजैक्शन आधे से भी कम रह गए हैं.
दुबई की ही एक अन्य रिसर्च फर्म 'रीडिन' (Reidin) की रिपोर्ट के अनुसार, मई में 22.5 अरब दिरहम (लगभग 6.1 अरब डॉलर) की प्रॉपर्टी बेची गई, जो अप्रैल के मुकाबले 42% कम है. यह आंकड़ा युद्ध शुरू होने से ठीक एक महीने पहले दर्ज की गई 46.6 अरब दिरहम की बिक्री का लगभग आधा है. दुबई का रियल एस्टेट मार्केट हाल के वर्षों में अपनी 'जीरो इनकम टैक्स' पॉलिसी के कारण दुनिया भर के अमीर खरीदारों की पहली पसंद बना हुआ था और यहां प्रॉपर्टी का कारोबार चरम पर था.
फरवरी के अंत में मिडिल ईस्ट में शुरू हुए युद्ध ने पूरे बाजार को हिलाकर रख दिया है. खासकर मार्च महीने में दुबई के मशहूर 'पाम जुमेराह' इलाके में स्थित एक फाइव-स्टार होटल पर ईरानी मिसाइल गिरने के बाद से निवेशकों में डर बैठ गया है. हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की कोशिशें चल रही हैं, लेकिन बाजार कब तक पूरी तरह संभलेगा, यह अभी साफ नहीं है.
प्रॉपर्टी एजेंटों के अनुसार, दुबई में लग्जरी विला और फ्लैट बेचने वाले मालिकों ने अपनी मांग में करोड़ों पाउंड की कटौती कर दी है. मार्च में बाजार में भारी पैनिक थी और आज भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पश्चिमी यूरोप के खरीदार अब यहां निवेश करने से कतरा रहे हैं और हालात सामान्य होने के लिए कम से कम एक से दो साल का इंतजार करना चाहते हैं.
यह गिरावट दुबई के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि साल 2025 के अंत तक लग्जरी रियल एस्टेट के मामले में दुबई दुनिया का सबसे व्यस्त शहर था. 'नाइट फ्रैंक' की रिपोर्ट के मुताबिक, 2.5 मिलियन से 10 मिलियन डॉलर के घरों की बिक्री के मामले में दुबई ने लंदन, न्यूयॉर्क और लॉस एंजिल्स को भी पीछे छोड़ दिया था. 10 मिलियन डॉलर से अधिक की कैटेगरी में दुबई में 9,050 संपत्तियां बिकी थीं, जबकि न्यूयॉर्क में यह आंकड़ा 6,577 और लंदन में 3,089 था. फिलहाल, दुनिया के अमीर निवेशक अब दुबई के बजाय मिलान, लंदन और सिंगापुर जैसे अन्य अंतरराष्ट्रीय केंद्रों का रुख कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: क्या आपका घर आग से सुरक्षित है, एक्सपर्ट से जानें कैसे करें खतरे की पहचान
📌 Kaynak
Bu haber XML kaynağından derlenmiştir. Tamamı için orijinal habere gidin.
Orijinal haberi oku →