खेत के गड्ढे में नहाने गए थे दो बच्चे, गहरे पानी ने छीन ली दोनों की जिंदगी
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गुरुवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. घर से कुछ दूरी पर पानी भरे गड्ढे में नहाने गए दो चचेरे मासूम भाइयों की डूबने से मौत हो गई. दोनों बच्चों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के नेवादा गांव में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरे मासूम भाइयों की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, नेवादा गांव के रहने वाले राजेश कुमार और राकेश कुमार सगे भाई हैं. दोनों मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. गुरुवार सुबह करीब 11 बजे राजेश का 10 वर्षीय बेटा दीपांशु और राकेश का 6 वर्षीय बेटा आदित्य घर से कुछ दूरी पर खेतों की ओर चले गए.
यह भी पढ़ें: पहले अपहरण, फिर गला घोंटकर हत्या... कौशांबी में नाबालिग प्रेमिका की हत्या से सनसनी
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेत के पास बालू डंप के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में नहाने लगे. नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे.
बताया जा रहा है कि बच्चों के साथ आदित्य की छोटी बहन राधिका भी गई थी. उसने दोनों भाइयों को पानी में डूबते देखा तो घबरा गई. वह दौड़ते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में घटनास्थल की ओर दौड़े. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं.
एक साथ परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद सरायअकिल पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस गड्ढे में बच्चे डूबे, वह बालू डंप के लिए खोदा गया था और उसमें बारिश व अन्य स्रोतों का पानी भरा हुआ था. गहराई अधिक होने की वजह से दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एक ही परिवार के दो चचेरे मासूम भाइयों की एक साथ मौत से नेवादा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि खुले और गहरे पानी भरे गड्ढे अक्सर बच्चों के लिए खतरा बन जाते हैं. ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह के हादसे होने का खतरा लगातार बना रहता है.
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खुले पानी भरे गड्ढों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
📌 Kaynak
Bu haber XML kaynağından derlenmiştir. Tamamı için orijinal habere gidin.
Orijinal haberi oku →