लखनऊ-कानपुर के बीच चलेगी रैपिड रेल, आउटर रिंग रोड भी बनेगा, ये है प्लान
Rapid rail between Lucknow and Kanpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ और कानपुर को जोड़ने के लिए रैपिड रेल कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया है. इसके साथ ही प्रस्तावित स्टेट कैपिटल रीजन के लिए आउटर रिंग रोड का निर्माण भी किया जाएगा. जो लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी और रायबरेली को जोड़ेगा.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि लखनऊ और कानपुर को जोड़ने के लिए उन्नाव होते हुए रैपिड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा. साथ ही प्रस्तावित स्टेट कैपिटल रीजन के लिए आउटर रिंग रोड भी बनने वाला है. इससे क्षेत्र में तेज विकास होगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 जून को उन्नाव में 101 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी है. इन परियोजनाओं की कुल लागत 570 करोड़ रुपये से ज्यादा है. उन्होंने कहा कि अब उन्नाव को लखनऊ स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल कर लिया गया है. लखनऊ का विकास अब सिर्फ हजरतगंज जैसे इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि विकास उन्नाव तक पहुंचेगा और कानपुर की ओर बढ़ेगा.
दो नए पुल और रैपिड रेल की तैयारी मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि उन्नाव और कानपुर के बीच गंगा नदी पर दो नए पुल बनाने के प्रस्ताव पहले ही मंजूर हो चुके हैं. दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल की तरह लखनऊ से कानपुर (उन्नाव होते हुए) रैपिड रेल चलाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र के चारों ओर एक आउटर रिंग रोड बनेगा. यह रोड लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी और रायबरेली को जोड़ेगा. इससे बड़ा विकास क्लस्टर बनेगा और सभी इलाकों में समान विकास होगा.
हम लोग लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल के एक नए प्रस्ताव को... pic.twitter.com/jxKojBw1Ym
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्नाव में रक्षा निर्माण गलियारे (डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर) और एक नए औद्योगिक क्लस्टर के लिए करीब 700 एकड़ जमीन तैयार कर ली गई है. यहां नई कंपनियां आएंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार अगले 100 साल का सोचकर वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है. गंगा एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह उन्नाव को जोड़ता है और पूरी तरह विश्व स्तर का सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट के मामले में देश में आगे है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का हाल ही में उद्घाटन हुआ है. उन्होंने कहा कि विकास का पूरा श्रेय जनता को जाता है, क्योंकि लोग विकास की सोच रखने वाली सरकार चुन रहे हैं.
उन्होंने पुरानी सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले कुछ नेता सिर्फ अपने इलाके को ही राज्य मानते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को अपना परिवार मानते हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरा घर उत्तर प्रदेश है और राज्य के 25 करोड़ लोग मेरे परिवार हैं. उनकी भलाई और तरक्की के लिए काम करना हमारा मिशन है.
📌 Kaynak
Bu haber XML kaynağından derlenmiştir. Tamamı için orijinal habere gidin.
Orijinal haberi oku →