निर्माणाधीन मकान की दीवार कार पर गिरी, इंजीनियर समेत दो लोगों की मौत

📌 Diğer 📰 India 🕐 3 saat önce

एक पल पहले कार सड़क पर चल रही थी, अगले ही पल मलबे के ढेर में दब चुकी थी. तेलंगाना के महबूबनगर जिले में भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिरी और नीचे से गुजर रही कार को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही जान चली गई.

तेलंगाना के महबूबनगर जिले के देवरकद्रा मंडल मुख्यालय में दर्दनाक हादसा हो गया. लगातार हो रही बारिश के बीच एक निर्माणाधीन मकान की कंपाउंड वॉल अचानक ढह गई और नीचे से गुजर रही कार पर जा गिरी. देखते ही देखते कार मलबे में दब गई और उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश हो रही थी. माना जा रहा है कि बारिश के कारण दीवार की नींव कमजोर हो गई थी. इसी दौरान निर्माणाधीन भवन की कंपाउंड वॉल अचानक भरभराकर गिर पड़ी. हादसे के समय कार में सिविल इंजीनियर जगन्नाथ रेड्डी और उनके ड्राइवर संतोष सवार थे. दोनों किसी काम से जा रहे थे कि अचानक दीवार कार पर गिर गई.

स्थानीय लोगों ने तेज आवाज सुनकर मौके पर दौड़ लगाई. जब तक लोग बचाव कार्य शुरू करते, कार बुरी तरह मलबे में दब चुकी थी. सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंच गए. काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: बारिश के कारण गिरी दीवार, महिला और उसके बेटे की मौत, 2 अन्य घायल

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया. मृतकों के परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, परिवार में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान निर्माणाधीन इमारतों और कमजोर दीवारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि दीवार गिरने की वजह केवल बारिश थी या निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही भी हुई थी.

फिलहाल, एक पल में हुई इस दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं. जो लोग कुछ देर पहले अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे थे, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में एक दीवार उनकी जिंदगी की आखिरी मंजिल बन जाएगी.

📌 Kaynak

Bu haber XML kaynağından derlenmiştir. Tamamı için orijinal habere gidin.

Orijinal haberi oku →
📱
News AI World — Mobil uygulama
Bu haberleri 45 dilde, anlık çeviriyle cebinde. Erken erişim için Gmail adresini bırak.
← Tüm haberlere dön