पुणे में 'Made in Pakistan' चादर मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

📌 Diğer 📰 AajTak (HI) 🕐 2 saat önce

महाराष्ट्र के पुणे में एक चादर पर "Made in Pakistan" लिखा मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. चिंचवड़ की एक महिला ने मंदिर परिसर से खरीदी गई चादर को धोने के बाद उस पर लगा टैग देखा और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. मामला वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सप्लाई चेन की पड़ताल की जा रही है.

महाराष्ट्र के पुणे में चिंचवड़ इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. कुछ दिन पहले संभाजीनगर में "Made in Pakistan" लिखे कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आया था. अब चिंचवड़ में एक चादर पर "Made in Pakistan" लिखा मिलने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है.

इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि संबंधित उत्पाद बाजार तक कैसे पहुंचा और इसकी सप्लाई चेन क्या है.

यह भी पढ़ें: पुणे में भ्रूण लिंग जांच का बड़ा रैकेट बेनकाब, हर महीने करते थे 50 से ज्यादा अवैध जांच

जानकारी के अनुसार, यह चादर चिंचवड़ स्थित मोरया गोसावी मंदिर (Morya Gosavi Temple) परिसर में आयोजित संकष्टी चतुर्थी यात्रा के दौरान खरीदी गई थी. महिला ने सामान्य खरीदारी समझकर चादर खरीद ली थी और उस समय उसे किसी तरह का संदेह नहीं हुआ.

महिला का दावा है कि जब उसने घर पहुंचकर चादर की धुलाई की, तब उस पर लगी एक पर्ची पर "Made in Pakistan" लिखा दिखाई दिया. टैग देखने के बाद वह हैरान रह गई और उसने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया.

वीडियो में महिला ने सवाल उठाया कि पाकिस्तान में निर्मित कोई उत्पाद आखिर पिंपरी-चिंचवड़ तक कैसे पहुंच गया. उसने इस पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

महिला का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है. कई लोगों ने प्रशासन से इस तरह के उत्पादों की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है.

वीडियो सामने आने के बाद पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस ने जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है, जो यह पता लगाने में जुटी है कि चादर कहां से लाई गई और इसे बेचने वाला व्यक्ति कौन था.

पुलिस ने पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम को भी पत्र लिखकर ऐसे उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह एक अकेला मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है. पुलिस की जांच और रिपोर्ट पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

📌 Kaynak

Bu özet AajTak (HI) kaynağından otomatik derlenmiştir. Tamamı için orijinal habere gidin.

Orijinal haberi oku →
← Tüm haberlere dön